मानपुर थाना क्षेत्र के सरवहदी गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खाड़ किनारे पानी में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान राजा चौधरी के रूप में हुई है। शव पर कई गहरे जख्मों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि उसकी चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या की गई।
परिजनों ने बताया कि राजा चौधरी रोजाना गांव के पास खाड़ किनारे ताश खेलने जाया करता था। शुक्रवार देर रात भी वह खेलने गया था। इसी दौरान खेल के दौरान विवाद हुआ और वहां मौजूद बदमाशों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद शव को खाड़ में फेंक दिया गया। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। शनिवार सुबह शव मिलने की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से ताश की गड्डी बरामद की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी नुरुल हक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ताश खेलने के दौरान विवाद में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने दावा किया है कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
