-मधुबनी जिले से लगने वाली भारत नेपाल सीमा पर तैनात 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी सिमरारी, सीमा स्तंभ संख्या 276/5, चेकपोस्ट महीनतपुर, थाना बासोपट्टी, जिला मधुबनी पर सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। आज दिन के 10.00 बजे
चार संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा नेपाल की ओर अवैध रूप से कच्चे रास्ते से सीमा पार करने का प्रयास किया गया। ड्यूटी पर तैनात जवानों द्वारा उन्हें वैध मार्ग से जाने की सलाह दी गई, जिस पर वे आक्रोशित हो गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर जवानों से झड़प करने लगे एवं चेकपोस्ट पर पथराव कर दिया।
स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण हो गई जब उपद्रवियों ने हथियार छीनने का प्रयास किया तो आत्मरक्षा में एसएसबी जवान द्वारा पाँच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक नागरिक को गोली लगी है तथा एक जवान भी जख्मी हुआ।
स्थिति को नियंत्रण में करने हेतु उपमहानिरीक्षक, क्षेत्रीय मुख्यालय मुजफ्फरपुर के नेतृत्व में 48 वीं वाहिनी जयनगर से द्वितीय कमान अधिकारी एवं उप कमांडेंट मौके पर तत्परता से पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।
इनकी त्वरित उपस्थिति एवं नेतृत्व में भीड़ को नियंत्रित कर विधि-व्यवस्था बहाल की गई।
घायलों को तत्परता से चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई। वही घायल नागरिक का इलाज निकटवर्ती अस्पताल में चल रहा है तथा घायल जवान को पारस हॉस्पिटल, दरभंगा रेफर किया गया है।
वहीं, एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की पहचान कर पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना को लेकर एस पी योगेंद्र कुमार ने बताया है कि फिलहाल क्षेत्र में पूर्णतः शांति है और कानून व्यवस्था नियंत्रण में है।
प्रशासन द्वारा घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है एवं एफ आई आर दर्ज की जा रही है। एस एस बी के पदाधिकारी ने बताया है कि
सीमा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में है, और उपद्रव में शामिल व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
