मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को हेलीकॉप्टर से नालंदा जिला के राजगीर पहुंचे और 9-10 अगस्त को होने वाली एशिया रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप (महिला/पुरुष) और एशिया कप हॉकी पुरुष चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। सीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने 81.37 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय उच्च पथ पर बने ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। इससे शहर में जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने सलेमपुर-नूरसराय-अहियापुर-सिलाव होते हुए राजगीर तक बनने वाले फोरलेन हाईवे का शिलान्यास किया, जिसकी लागत 862.63 करोड़ रुपये है। यह फोरलेन बौद्ध सर्किट को जोड़ेगा और पटना से राजगीर की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह परियोजना विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम है।
